जैन इंटर कॉलेज में 'अधिकारी-विद्यार्थी संवाद': तहसीलदार वर्तिका श्रीवास्तव ने दिए सफलता के मूलमंत्र
खेकड़ा कस्बे के प्रतिष्ठित जैन इंटर कॉलेज में सोमवार को ‘अधिकारी-विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित तहसीलदार वर्तिका श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद साधा। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों का सहजता से समाधान करते हुए जीवन में सफलता, करियर चयन, आत्मानुशासन और आत्मविश्वास संवर्धन के बेहतरीन टिप्स दिए।
जैन इंटर कॉलेज में 'अधिकारी-विद्यार्थी संवाद': तहसीलदार वर्तिका श्रीवास्तव ने दिए सफलता के मूलमंत्र
- 12वीं के बाद करियर विकल्प, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और साइबर सुरक्षा पर किया जागरूक
- विद्यार्थियों को आत्मानुशासन, समय प्रबंधन और डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया प्रेरित
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के प्रतिष्ठित जैन इंटर कॉलेज में सोमवार को ‘अधिकारी-विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित तहसीलदार वर्तिका श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद साधा। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों का सहजता से समाधान करते हुए जीवन में सफलता, करियर चयन, आत्मानुशासन और आत्मविश्वास संवर्धन के बेहतरीन टिप्स दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के भव्य स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत जैन ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए संस्था की स्थापना, गौरवशाली इतिहास और वर्तमान संचालन व्यवस्था की जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि तहसीलदार वर्तिका श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य का निर्धारण और उसे पाने के लिए अनुशासन व समय प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने 12वीं की परीक्षा के बाद उच्च शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों, संभावनाओं और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग (UPPCS) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सटीक रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभावी अध्ययन तकनीकों को अपनाने और खुद के भीतर अटूट आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
स्वरोजगार, सड़क सुरक्षा और साइबर अवेयरनेस पर दिया जोर
तहसीलदार ने युवाओं को सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया। रोजगार के पारंपरिक अवसरों के साथ-साथ उन्होंने स्वरोजगार और उद्यमिता (Entrepreneurship) के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की अपील की। वर्तमान डिजिटल युग की चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल फ्रॉड से बचाव के प्रति बेहद सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी व बैंक विवरण किसी से साझा न करें और यदि कोई ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
प्रबुद्ध जनों और शिक्षकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला समन्वयक सतवीर सिंह, नोडल अधिकारी एवं गांधी विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश चौहान, डॉ. सरिता, दीपक शर्मा, अवनीश कुमार सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक-शिक्षिका वर्ग और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।