स्कूलों में सुरक्षा की पड़ताल, विशेषज्ञों ने छात्रों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर
स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर शासन स्तर पर कवायद तेज हो गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रदेशभर के सरकारी प्राथमिक, कंपोजिट, हाईस्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और इंटर कॉलेजों में स्कूल सेफ्टी ऑडिट कराया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को खेकड़ा बीआरसी परिसर स्थित कंपोजिट स्कूल यूपीएस नंबर एक में विशेषज्ञों की टीम पहुंची और विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
स्कूलों में सुरक्षा की पड़ताल, विशेषज्ञों ने छात्रों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर
- हाईकोर्ट के आदेश पर प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में होगा सेफ्टी ऑडिट
- खेकड़ा के कंपोजिट स्कूल में विशेषज्ञों की टीम ने परखी सुरक्षा व्यवस्थाएं
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर शासन स्तर पर कवायद तेज हो गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रदेशभर के सरकारी प्राथमिक, कंपोजिट, हाईस्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और इंटर कॉलेजों में स्कूल सेफ्टी ऑडिट कराया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को बीआरसी परिसर स्थित कंपोजिट स्कूल यूपीएस नंबर एक में विशेषज्ञों की टीम पहुंची और विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
सेफ्टी ऑडिट के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यालय भवन और परिसर का निरीक्षण कर संभावित जोखिम वाले स्थानों को परखा। साथ ही विद्यार्थियों को आग लगने अथवा किसी अन्य आपदा की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने, घबराने के बजाय संयम से काम लेने और प्राथमिक बचाव के जरूरी उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों को भी आपात स्थिति में बच्चों को सुरक्षित निकालने और तत्काल बचाव कार्य शुरू करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। ऑडिट टीम में जिला परियोजना प्रबंधक आशुतोष अग्रवाल, आपदा विशेषज्ञ विनीत कुमार, फायर सेफ्टी विशेषज्ञ बादल और सिविल इंजीनियर विशाल कुमार शामिल रहे। विशेषज्ञों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, भवन की स्थिति और संभावित खतरे वाले स्थानों का निरीक्षण किया। विशेषज्ञों ने कहा कि स्कूलों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच और विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना बेहद जरूरी है। इससे किसी भी आपात स्थिति में बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित रखने तथा जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। विद्यालय की ओर से शिक्षिका रीना शर्मा, जितेंद्र, पारुल, गगनदीप, नीलम और पूनम सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।