महिला प्रधान को पीटा, तमंचा लहराकर जान से मारने की धमकी का आरोप
फखरपुर गांव की ग्राम प्रधान पिंकी देवी ने गांव के पांच-छह लोगों पर डंडों से हमला कर घायल करने और तमंचे से हवाई फायर कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रधान ने गुरुवार को कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला प्रधान को पीटा, तमंचा लहराकर जान से मारने की धमकी का आरोप
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
फखरपुर गांव की ग्राम प्रधान पिंकी देवी ने गांव के पांच-छह लोगों पर डंडों से हमला कर घायल करने और तमंचे से हवाई फायर कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रधान ने गुरुवार को कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम प्रधान पिंकी देवी ने पुलिस को बताया कि गांव के दो ग्रामीण उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों से लगातार अनियमितताओं की शिकायत कर रहे हैं। गुरुवार को डीपीआरओ विभाग से जिला स्तरीय टीम गांव में विकास कार्यों की जांच करने पहुंची थी। प्रधान का दावा है कि जांच के दौरान कोई अनियमितता नहीं मिली। आरोप है कि जांच टीम के लौटने के बाद शिकायत करने वाले दोनों ग्रामीण चार-पांच अन्य लोगों को साथ लेकर उनके पास पहुंचे और अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई करते हुए डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। प्रधान का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने तमंचा लहराते हुए हवाई फायर किया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। क्राइम इंस्पेक्टर ओमप्रकाश सिरोही ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।