इंश्योरेंस के नाम पर 1.20 करोड़ की ठगी करने वाले आठ जालसाज गिरफ्तार
बागपत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह 14 राज्यों में 51 शिकायतों से जुड़ा मिला है और करीब 1.20 करोड़ रुपये की ठगी की जा चुकी है। आरोपियों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन की जानकारी भी मिली है।
इंश्योरेंस के नाम पर 1.20 करोड़ की ठगी करने वाले आठ जालसाज गिरफ्तार
- 14 राज्यों में 51 शिकायतें मिलीं, 16 मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह 14 राज्यों में 51 शिकायतों से जुड़ा मिला है और करीब 1.20 करोड़ रुपये की ठगी की जा चुकी है। आरोपियों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन की जानकारी भी मिली है।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि एक सितंबर को एक महिला ने शिकायत की थी कि बीमा कंपनी का अधिकारी बनकर पॉलिसी नवीनीकरण और बोनस दिलाने के नाम पर उससे 2.87 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। जांच के बाद पुलिस ने गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी विभिन्न बीमा कंपनियों के अधिकारी बनकर लैप्स पॉलिसीधारकों को फोन करते थे। नवीनीकरण, बोनस और अन्य लाभ दिलाने के नाम पर शुल्क, कर और अन्य मदों में रकम जमा कराकर ठगी करते थे। आरोपियों के व्हाट्सएप समूह से पुलिस को मोबाइल नष्ट कर दूसरा फोन इस्तेमाल करने संबंधी संदेश भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शुभम, तरुण सिंह, सुमित, गौतम, उमंग, निशांत और प्रियांशु समेत आठ आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से स्कॉर्पियो, यामाहा बाइक, 16 मोबाइल, सात डेबिट कार्ड, सिम लिफाफे, सोने-चांदी के आभूषण और 19 हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरोह को डेटा उपलब्ध कराने वालों को भी चिह्नित कर वांछित किया गया है। एसपी ने साइबर क्राइम टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।