मौसम ने ली करवट: तेज आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कीचड़ और बिजली संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
मंगलवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम ने कस्बे और आसपास के इलाके में राहत और परेशानी, दोनों की तस्वीर एक साथ पेश कर दी। तेज आंधी के बाद हुई झमाझम बारिश से कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली, लेकिन सड़कों पर फैले कीचड़, जलभराव और बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन प्रभावित हो गया।
मौसम ने ली करवट: तेज आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कीचड़ और बिजली संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
मंगलवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम ने कस्बे और आसपास के इलाके में राहत और परेशानी, दोनों की तस्वीर एक साथ पेश कर दी। तेज आंधी के बाद हुई झमाझम बारिश से कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली, लेकिन सड़कों पर फैले कीचड़, जलभराव और बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन प्रभावित हो गया।
दोपहर तक तेज धूप और उमस से बेहाल लोग अचानक मौसम बदलने पर राहत महसूस करते नजर आए। कुछ ही देर में आसमान पर घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश ने वातावरण को ठंडक से भर दिया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद कस्बे की कई प्रमुख सड़कों पर कीचड़ फैल गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। खासतौर पर रेलवे रोड पर पानी भरने और लंबे समय तक बहाव बने रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने नगर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उधर, क्षेत्र के गन्ना किसानों ने इस बारिश को खेती के लिए वरदान बताया। किसानों का कहना है कि इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और गन्ने की फसल को बेहतर बढ़वार मिलेगी, जिससे सिंचाई की जरूरत भी कुछ समय के लिए कम हो जाएगी। तेज आंधी और बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। डूंडाहैड़ा से खेकड़ा आने वाली मुख्य विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया, जिसके चलते कस्बे की बिजली अचानक गुल हो गई। करीब दो घंटे तक बिजली विभाग की टीम लाइन दुरुस्त करने में जुटी रही। कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट ठीक किया गया, तब जाकर बाधित बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।