जिलाधिकारी व एडिशनल पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग और कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ और एडिशनल पुलिस आयुक्त राजकरन नय्यर ने मंगलवार को डासना, मुरादनगर (छोटा हरिद्वार) स्थित कांवड़ मार्ग तथा मेरठ तिराहा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
तेजस न्यूज संवाददाता
जिलाधिकारी व एडिशनल पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग और कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ और एडिशनल पुलिस आयुक्त राजकरन नय्यर ने मंगलवार को डासना, मुरादनगर (छोटा हरिद्वार) स्थित कांवड़ मार्ग तथा मेरठ तिराहा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कांवड़ मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थल तथा गड्ढामुक्त सड़कों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और जहां भी कोई कमी सामने आती है, उसका तत्काल समाधान कराया जा रहा है।

एडिशनल पुलिस आयुक्त राजकरन नय्यर ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। कई श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को "ए-1" बताया।