सांसद और विधायक ने किया करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
सेक्टर 51 में राइजिंग लाइन का शिलान्यास
तेजस न्यूज संवाददाता
शहर में जल निकासी और सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण की तरफ से जल निकासी और सीवेज प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इस लोकार्पण और शिलान्यास के मौके पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से सेक्टर 56 और सेक्टर 51 में जल निकासी और सीवेज प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। गौरतलब है कि सेक्टर 56 में संपवेल और पाइपलाइन डालने के कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा सेक्टर 51 में सीवर और नालियों के पानी के निष्कासन और शोधन के लिए राइजिंग लाइन से जुड़े कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद संबंधित सेक्टरों में बारिश के पानी और सीवेज की निकासी व्यवस्था को ज्यादा प्रभावी बनाया जा सकेगा। वहीं, पानी के उचित निष्कासन और शोध की व्यवस्था होने से स्थानीय निवासियों को काफी ज्यादा राहत मिल सकेगी।

सेक्टर 56 में नोएडा प्राधिकरण की तरफ से कराए गए संपवेल और पाइपलाइन से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया गया। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इन कार्यों पर करीब 142.61 लाख रुपये की लागत आई है। संपवेल और संबंधित पाइप लाइन व्यवस्था का उद्देश्य क्षेत्र में एकत्र होने वाले पानी को व्यवस्थित तरीके से निकालना और जल निकासी व्यवस्था को ज्यादा सुचारू बनाना है। इससे बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

सेक्टर 51 में 483.34 लाख रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास
सेक्टर 51 में सीवेज और नालियों के पानी के निष्कासन और शोध से संबंधित परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर करीब 483.34 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के माध्यम से संपवेल के निर्माण के साथ जल निकासी और शोध से जुड़ी व्यवस्थाओं को विकसित किया जाएगा। परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में नालियों और सीवेज से संबंधित पानी के बेहतर प्रबंधन में काफी मदद मिल सकती हैं।

बढ़ते नोएडा के लिए आवश्यक मजबूत सीवर सिस्टम
नोएडा का काफी तेजी के साथ विकास और विस्तार किया जा रहा है। नोएडा के इस लगातार बढ़ते विकास और विस्तार के बीच सीवर और जल निकासी व्यवस्था को काफी मजबूत बनाना नोएडा प्राधिकरण के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहा है। नोएडा प्राधिकरण को सीवर और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने की बेहद आवश्यकता भी है। शहर के विभिन्न सेक्टरों में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ाने के साथ सीवर नेटवर्क पर भी लगातार दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में संपवेल, पाइपलाइन, राइजिंग लाइन और शोधन जैसी परियोजाओं के माध्यम से शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाना नोएडा प्राधिकरण का लक्ष्य है। इसी के चलते नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर 56 और सेक्टर 51 में इन परियोजनाओं को शुरू किया है।

जल निकासी व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती हैं। ऐसे में संपवेल और पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा। सेक्टर 56 में पूरी हो चुकी परियोजना और सेक्टर 51 में प्रस्तावित परियोजना से संबंधित क्षेत्रों में पानी के निष्कासन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकेगी। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुष्पराज सिंह, महाप्रबंधक जल और सीवर आरपी सिंह, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, महामंत्री अमित त्यागी, ओमवीर अवाना, चंदगीराम यादव, संजय बाली, महेश अवाना, उमेश त्यागी, प्रज्ञा पाठक, धर्मेंद्र गुप्ता, विनोद शर्मा और डिंपल आनंद समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।