परिवहन विभाग ने स्कूली बसों के खिलाफ चलाया अभियान
मिशन सेव फ्यूचर के तहत परिवहन विभाग ने की कार्रवाई
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में विभिन्न मार्गों और स्कूलों के खिलाफ परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह चेकिंग अभियान एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यह अभियान परिवहन विभाग ने मिशन सेव फ्यूचर अभियान के तहत आयोजित किया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई स्कूली वाहनों पर कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने दर्जनों स्कूल बसों और वैनों को रोककर उनके फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, रजिस्ट्रेशन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। अभियान के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने वाहनों में स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड-बॉक्स और अन्य सुरक्षा मानकों का भी मौके पर निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता की भी जांच की गई। इसके अलावा रिफ्लेक्स और वाहन चलाने की क्षमता का भी सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान कई ऐसे स्कूली वाहन भी मिले जो बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना वैध परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के सड़कों पर संचालित हो रहे थे। परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों का चालान किया। जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने की स्थिति में कई बसों और वाहनों को सीज भी किया गया।
मिशन सेव फ्यूचर के तहत चलाया गया अभियानःएआरटीओ प्रवर्तन
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह अभियान मिशन सेव फ्यूचर के तहत चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में चलने वाला प्रत्येक स्कूल वाहन सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भी आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल वाहनों पर कमी नजर आने पर दे परिवहन विभाग और पुलिस को सूचनाःएआरटीओ प्रवर्तन
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले यह सुनिश्चित करें कि जिस वाहन से बच्चा यात्रा कर रहा है। वह फिटनेस, परमिट और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करता हो। यदि किसी स्कूल वाहन में अनियमितता नजर आती है तो इसकी सूचना जल्द से जल्द परिवहन विभाग और पुलिस को अवश्य दें। मिशन सेव फ्यूचर अभियान को इसी प्रकार से लगातार जारी रहेगा।