सांसद और विधायक को किया जाए बोर्ड बैठक में शामिल:शालिनी सिंह

एनसीएफ आपके द्वार कार्यक्रम का हुआ आयोजन

सांसद और विधायक को किया जाए बोर्ड बैठक में शामिल:शालिनी सिंह

तेजस न्यूज संवाददाता 
नोएडा सिटीजन फोरम ने एनसीएफ आपके द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ नरेंद्र कुमार शर्मा, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष और एनसीएफ के महासचिव प्रशांत त्यागी भी मौजूद रहे।
एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि 10 हज़ार करोड़ रुपयों से अधिक का सालाना बजट होने के बाद भी आज नोएडा विधानसभा में आने वाले कई सेक्टरों और गांव की स्थिति काफी ज्यादा खराब है। कई सेक्टरों और गांव की सड़क टूटी हुई है। पीने के पानी की गुणवत्ता काफी ज्यादा खराब है। बिजली व्यवस्था काफी जर्जर हो चुकी है। इसके अलावा बदहाल पड़े पार्क, खराब होती जा रही स्वच्छता व्यवस्था, सड़कों पर घूमते गौवंश एवं पशुओं को रखने के लिये उचित व्यवस्था का आभाव, नौएडा प्राधिकरण में सही से कोई जनसुनवाई का ना होना, आरडब्ल्यूए और एओए द्वारा बार-बार समस्याओं को बताने के बाद भी उनका निस्तारण नोएडा प्राधिकरण द्वारा नहीं करना एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। इससे शहर के सभी निवासियों के भीतर काफी ज्यादा रोष पैदा हो गया है। नोएडा विधानसभा क्षेत्र में आने वाले गांव की कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। नोएडा प्राधिकरण कई गांवों को तो अपने विकास मॉडल से भी हटा चुका है।
 ग्राम पंचायत व्यवस्था को दोबारा लागू किया जाए: शालिनी सिंह
एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि एनसीएफ मांग करती है कि गांवों में पहले की तरह ग्राम पंचायत व्यवस्था को लागू किया जाए। जिससे नोएडा विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों का जल्द से जल्द विकास शुरू किया जा सके। नोएडा प्राधिकरण द्वारा नोएडा के लिए लगातार 10 हज़ार करोड़ रुपए खर्च किए जाने के बाद भी नोएडा का विकास नहीं होने के चलते ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह एक बड़ा घोटाला है। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से भी कई बार नोएडा प्राधिकरण पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, अब तक नोएडा प्राधिकरण में इन भ्रष्टाचारों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नोएडा प्राधिकरण से एनसीएफ मांग करता है कि बोर्ड बैठकों में स्थानीय सांसद और विधायक को शामिल किया जाए। जिससे नोएडा का विकास काफी तेजी के साथ विकास हो सके। जल्द ही एक बड़ी जनसभा नोएडा विधानसभा में की जाएगी। जिसमें नोएडा विधानसभा की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता के साथ रखा जाएगा और इन समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी रखा जाएगा।