यूनिफाइड रेगुलेशन नीति में संशोधनों का एनईए ने जताया आभार
28 अक्तूबर को हुई बोर्ड बैठक में नीति में किया गया संशोधन
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा प्राधिकरण की 224वीं बोर्ड बैठक में यूनिफाइड रेगुलेशन-2025 नीति में कई संशोधन किए गए हैं। इन सभी संशोधनों को लेकर नोएडा एन्ट्रप्रिनियोर्स एसोसिएशन (एनईए) की तरफ से आभार जताया गया है।

एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन ने बताया कि एसोसिएशन की मांगों को ध्यान में रखते हुए 28 अक्तूबर को हुई बोर्ड बैठक में नीति में संशोधन को मंजूरी दी गई है। यह नोएडा प्राधिकरण का एक शानदार कदम है। इन बदलावों से औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और उद्यमियों को कारोबार में काफी ज्यादा सहूलियत प्राप्त होगी। संशोधन के बाद औद्योगिक इकाइयों के हस्तांतरण पर लगने वाला शुल्क 10 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे कारोबार के पुनर्गठन और नए निवेशकों के प्रवेश की लागत कम होगी। जिसका सीधा लाभ औद्योगिक इकाइयों को प्राप्त हो सकेगा। पारिवारिक शेयधारिता हस्तांतरण के नियमों में भी काफी रहात दी गई है। अब सास-ससुर से पुत्रवधू को शेयर हस्तांतरण को शुल्क में छूट के लिए निर्धारित पारिवारिक संबंधों की श्रेणी में शामिल किया गया है।