आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में हो गुर्जर समाज का कैबिनेट मंत्रीःहरिश्चंद्र भाटी

रामलीला मैदान से गूंजेगी गुर्जर समाज की आवाज

आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में हो गुर्जर समाज का कैबिनेट मंत्रीःहरिश्चंद्र भाटी

गुर्जर समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश के विकास और सुरक्षा तक हर क्षेत्र में एक बड़ा योगदान दिया है। लेकिन, आजादी के दशकों बाद भी समाज को राष्ट्रीय राजनीति में उसके योगदान के अनुरूप प्रतिनिधित्व प्राप्त नहीं हो सका है। विभिन्न राजनीतिक दल समय-समय पर समाज का समर्थन तो लेते हैं। उसके बाद सत्ता और संगठन में उचित भागीदारी देने से पीछे हट जाते हैं। केंद्र सरकार आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में गुर्जर समाज का कैबिनेट मंत्री पद सुनिश्चित करें। अगर ऐसा नहीं होता है तो इस बार उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव और लोक सभा चुनाव से गुर्जर समाज भाजपा को मतदान नहीं करेगा। यह बातें अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के हरिश्चंद्र भाटी ने सेक्टर 61 स्थित अपने आवास पर हुई प्रेस वार्ता के दौरान कहीं।


अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि अब समय आ गया है कि गुर्जर समाज अपने राजनीतिक अधिकारों औऱ सम्मानजनक प्रतिनिधित्व के लिए संगठित होकर आवाज बुलंद करें। इसी उद्देश्य से 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में गुर्जर समाज स्वाभिमान रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी गुर्जर समाज के लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है। यह रैली किसी एक राजनीतिक दल के विरोध में नहीं है। बल्कि, उन सभी राजनितिक दलों के लिए एक लोकतांत्रिक संदेश होगी जो सालों से गुर्जर समाज की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व की उपेक्षा करते आ रहे हैं। समाज अब सम्मानजनक प्रतिनिधित्व की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएगा। इस मौके पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय सचिव अरुण भाटी, राष्ट्रीय सचिव धीरेंद्र वर्मा और उत्तर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुनील भाटी समेत कई लोग मौजूद रहे।