मानवीय पिरामिड बनाकर छात्रों ने फोड़ी दही हांडी, गूंजे जय कन्हैया लाल के जयकारे
ज़ेनेक्स्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे फूलों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।
मानवीय पिरामिड बनाकर छात्रों ने फोड़ी दही हांडी, गूंजे जय कन्हैया लाल के जयकारे
- जन्माष्टमी पर रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां, राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
ज़ेनेक्स्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे फूलों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक अशोक गुप्ता और प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ किया। कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं ने ‘देवकी नंदन तुमको वंदन’ गीत की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं कक्षा चार से सात तक के विद्यार्थियों ने कृष्ण भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों ने मटकी सजाओ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही हांडी प्रतियोगिता रही। कक्षा 11 और 12 के छात्रों ने जोश और तालमेल के साथ मानवीय पिरामिड बनाया और हवा में लटकी दही हांडी को फोड़ दिया। हांडी फूटते ही पूरा विद्यालय परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनकी शिक्षाएं विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्म और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। प्रबंधक अशोक कुमार गुप्ता, विपुल गुप्ता और वैभव गुप्ता ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे।