यातायात पुलिस ने 5583 वाहनों के काटे चालान, 13 वाहन सीज
यातायात पुलिस ने चलाया अभियान
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा में यातायात पुलिस की तरफ से रोजाना विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात पुलिस ने 5583 वाहनों के चालान काटे हैं। जबकि 13 वाहनों को सीज भी किया है। अभियान के दौरान मैनुअल चालान 2168 और ऑन लाइन के माध्यम से 3415 वाहनों के चालान काटे गए। जबकि 13 वाहनों को यातायात पुलिस ने सीज भी किया। बिना हेलमेट के 2189 वाहनों के भी चालान काटे गए। वहीं, नोएडा के सेक्टर 62 स्थित मॉडल टाउन गोलचक्कर मार्ग पर यातायात पुलिस की तरफ से नकली हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात के नियमों और संकेतों के प्रति जागरूक भी किया गया।

डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास ने बताया कि सड़कों पर सबसे ज्यादा मनमानी बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों ने की है। कई वाहन चालक चालान जमा करने के बदले राष्ट्रीय लोक अदालत का इंतजार करते हैं। जिससे उन्हें जुर्माना कम देना पड़ सके। लेकिन, अब यातायात पुलिस ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। जिन वाहन चालकों के नाम पर बार-बार चालान हो रहे हैं। उनके नाम और रिकॉर्ड अब परिवहन विभाग के पास भेजे जा रहे हैं। जिससे उनके ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किए जा सकें। अभियान के दौरान नो पार्किंग में 466, फॉल्टी नंबर प्लेट में 338, विपरीत दिशा में 354, इंश्योरेंस में 212, वायु प्रदूषण में 260 और ओवर स्पीड में 388 वाहनों के चालान काटे गए।