माफियाओं पर हो कार्रवाई, आम लोगों को मिले राहतःपंकज सिंह
बिजली विभाग ने तीन हजार से ज्यादा काटे बिजली कनेक्शन
तेजस न्यूज संवाददात
हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में बसी कच्ची कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन काटने जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच नोएडा विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता भी की है। इस वार्ता के दौरान विधायक पंकज सिंह ने कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की मौजूदा समस्याओं, रोजमर्रा की परेशानियों और उनकी जमीनी हकीकत से संबंधित अधिकारियों को सूचित भी किया।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि वैध बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाने चाहिए। जिन लोगों के पास वैध कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। उन सभी लोगों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों और शर्तों के आधार पर अस्थायी बिजली कनेक्शन देने की व्यवस्था की जाए। बिजली के अवैध नेटवर्क और माफियाओं के खिलाफ विभागीय स्तर से एक बड़ी कार्रवाई भी की जाए। लेकिन, आम लोगों की रोजमर्रा की आवश्यकताओं और वास्तविक परिस्थितियों पर भी ध्यान दिया जाए। किसी भी परिस्थिति में ऐसे लोगों का वैध कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
6 सितंबर को होगी किसानों की महापंचायत
नोएडा के सेक्टर 63 स्थित छिजारसी और चोटपुर के डूबर क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच भारतीय किसान परिषद ने आगामी 6 सितंबर को पुश्ता रोड पर एक महापंचायत की घोषणा की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कॉलोनियों में कई सालों से बिजली, पानी और सड़क जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। बड़ी संख्या में इन कॉलोनियों में परिवार रह रहे हैं। ऐसे में अचानक बिजली कनेक्शन काटे जाने से सैकड़ों परिवारों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
3 हजार से ज्यादा काटे गए कनेक्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद बिजली विभाग ने छिजारसी और चोटपुर के डूब क्षेत्र में जांच और कार्रवाई काफी तेजी के साथ की। अभियान के दौरान बिजली विभाग को लगभग 13 हजार से ज्यादा अवैध बिजली कनेक्शन प्राप्त हुए हैं। इन अवैध बिजली कनेक्शन में तीन हजार से ज्यादा कनेक्शन बिजली विभाग की तरफ से काटे जा चुके हैं। कई स्थानों पर बिजली विभाग ने ट्रांसफॉर्मर भी जब्त किए हैं। अब तक लगभग 10 ट्रांसफॉर्मर जब्त किए जा चुके हैं।
6 सितंबर को होगी महापंचायतःसुखबीर खलीफा
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने बताया कि आगामी 6 सितंबर को महापंचायत की घोषणा की गई है। इस महापंचायत के दौरान लोगों की समस्या को शासन, प्रशासन और बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। यदि महापंचायत के बाद समस्या का समाधान नहीं होता है तो धरना और आंदोलन भी किया जाएगा।
पर्थला गांव में 80 से ज्यादा लोगों के पास अवैध कनेक्शन
पर्थला गांव में 200 केवीए के कनेक्शन से लगभग 80 से ज्यादा लोगों को अवैध तरीके से बिजली सप्लाई की जा रही थी। अभियान में उपभोक्ताओं से 11 रुपये प्रति यूनिट और 300 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से पैसे भी वसूले जा रहे थे। बिजली चोरी के आरोप में अब तक कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी पर अभी जारी रहेगी कार्रवाईःमुख्य अभियंता
मुख्य अभियंता एसके जैन ने बताया कि डूब क्षेत्र में बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान इसी प्रकार से लगातार जारी रहेगा। अवैध कनेक्शन काटे जाएंगे और बिजली चोरी करने या कराने वालों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा।