मीतली रजवाहे की पटरी बनेगा बाईपास, खेकड़ावासियों को जाम से मिलेगी राहत

खेकड़ा कस्बे के लोगों को जल्द ही जाम और वाहनों के बढ़ते दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है। बड़ागांव-रटौल की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन अब कस्बे के मुख्य मार्गों में प्रवेश किए बिना मीतली रजवाहे की पटरी से नानू गांव होते हुए दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग तक पहुंच सकेंगे। इसके लिए खेकड़ा के बड़ागांव मार्ग से छोटी नहर पटरी होते हुए नानू-मंडोला सीमा तक सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन से निर्माण कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

मीतली रजवाहे की पटरी बनेगा बाईपास, खेकड़ावासियों को जाम से मिलेगी राहत

मीतली रजवाहे की पटरी बनेगा बाईपास, खेकड़ावासियों को जाम से मिलेगी राहत
- खेकड़ा से नानू-मंडोला सीमा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को धनराशि स्वीकृत
- सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ी लगेंगी इंटरलॉकिंग टाइल्स
- बड़ागांव-रटौल से दिल्ली जाने वाले वाहनों को मिलेगा वैकल्पिक रास्ता
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर 
कस्बे के लोगों को जल्द ही जाम और वाहनों के बढ़ते दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है। बड़ागांव-रटौल की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन अब कस्बे के मुख्य मार्गों में प्रवेश किए बिना मीतली रजवाहे की पटरी से नानू गांव होते हुए दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग तक पहुंच सकेंगे। इसके लिए खेकड़ा के बड़ागांव मार्ग से छोटी नहर पटरी होते हुए नानू-मंडोला सीमा तक सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन से निर्माण कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस मार्ग के निर्माण की मांग क्षेत्रवासी कर रहे थे। बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान की पहल पर सड़क निर्माण के लिए धनराशि आवंटित हुई है। सांसद ने स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। योजना के तहत खेकड़ा के बड़ागांव मार्ग से मीतली रजवाहे की छोटी पटरी होते हुए नानू-मंडोला सीमा तक सड़क को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई जाएंगी। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस मार्ग के विकसित होने से खेकड़ा को वैकल्पिक बाईपास की सुविधा मिल सकेगी। बड़ागांव और रटौल की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन कस्बे के अंदरूनी रास्तों से गुजरने के बजाय सीधे इस मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। इससे मुख्य बाजार और संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने के साथ जाम की समस्या से भी राहत मिलने की संभावना है। धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी से क्षेत्रवासियों में खुशी है। स्थानीय लोगों ने शासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की है।