सेक्टर 56 में जल विभाग के महाप्रबंधक ने की आरडब्ल्यूए के साथ बैठक
सेक्टर में चारों तरफ पानी को लेकर काफी दिक्कत बनी हुई
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 56 स्थित बारात घर में नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह ने आरडब्ल्यूए के साथ एक बैठक की। यह बैठक आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान सेक्टर में जल से संबंधित कई समस्याओं को विस्तार से अवगत कराया। वहीं, इन सभी समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान की भी मांग की।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी ने बताया कि इन दिनों सेक्टर में चारों तरफ पानी को लेकर काफी दिक्कत बनी हुई है। जिसके चलते सेक्टर के अधिकांश निवासियों को निजी टैंकरों के माध्यम से पानी खरीदकर घरों का काम करना पड़ रहा है। सुबह के समय पानी नहीं होने के चलते रोजमर्रा के कामों में भी काफी दिक्कत आ रही है। सेक्टर के कई निवासियों ने पानी की कमी के चलते भोजन में भी कटौती कर दी है। जिससे रोजमर्रा के कामों को आसानी से निपटाया जा सके।