फिरोजपुर और सिंगौली तगा सहकारी समितियों की सामान्य निकाय की बैठकों में लिए गए कई अहम निर्णय
विकास खंड खेकड़ा क्षेत्र की बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) फिरोजपुर और सिंगौली तगा में सामान्य निकाय की बैठकों का आयोजन किया गया। दोनों समितियों की बैठकों में किसानों की समस्याओं, ऋण सीमा निर्धारण और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
फिरोजपुर और सिंगौली तगा सहकारी समितियों की सामान्य निकाय की बैठकों में लिए गए कई अहम निर्णय
- फिरोजपुर समिति का अधिकतम दायित्व 21.32 करोड़ और सिंगौली तगा का 22.60 करोड़ रुपये निर्धारित
- खाद की उपलब्धता, गोदाम मरम्मत, चारदीवारी और बैंक शाखा खोलने जैसे प्रमुख प्रस्ताव रखे गए
- किसानों से समय पर ऋण जमा कर ब्याज छूट का लाभ उठाने का किया गया आह्वान
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
विकास खंड खेकड़ा क्षेत्र की बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) फिरोजपुर और सिंगौली तगा में सामान्य निकाय की बैठकों का आयोजन किया गया। दोनों समितियों की बैठकों में किसानों की समस्याओं, ऋण सीमा निर्धारण और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
गुरुवार को बी-पैक्स फिरोजपुर के मुख्यालय पर सभापति प्रमोद बंसल की अध्यक्षता और सचिव नैपाल सिंह के संचालन में सामान्य निकाय की बैठक हुई। बैठक में केसीसी फसली ऋण के लिए 21 करोड़ 32 लाख रुपये का अधिकतम दायित्व निर्धारित किया गया। इस दौरान डायरेक्टर श्रीपाल ने समिति के माध्यम से किसानों को अधिक उर्वरक उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, जबकि ब्रह्मदत्त मास्टर ने उर्वरक गोदाम की जर्जर हालत को देखते हुए उसकी मरम्मत कराने की मांग रखी। दर्शन पंडित ने ठेके पर ली जाने वाली भूमि के लिए भी खाद उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। सभापति प्रमोद बंसल ने कृषक सदस्यों से समय पर ऋण की अदायगी करने का आह्वान करते हुए बताया कि बकाया राशि का 12.20 प्रतिशत जमा कराकर किसान दोबारा 7 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण ले सकते हैं, जिससे उन्हें 4 प्रतिशत का सीधा लाभ मिलेगा। बैठक में संचालक सतबीर, बोबी, ब्रह्मदत्त मास्टर, धूम सिंह संचालक, हरेश नेताजी, डायरेक्टर श्रीपाल, भोजकुमार और रवि कुमार आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर, बी-पैक्स सिंगौली तगा के मुख्यालय पर 25 नवंबर को सतीश त्यागी की अध्यक्षता और प्रबंध निदेशक विकास शर्मा के संचालन में सामान्य निकाय की बैठक आयोजित की गई। इसमें समिति का अधिकतम दायित्व 22 करोड़ 60 लाख रुपये निर्धारित किया गया। बैठक में पूर्व चेयरमैन रविशंकर शर्मा ने समिति परिसर की चारदीवारी निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा, जबकि पूर्व संचालक आजादवीर ने किसानों की सुविधा के लिए बैंक शाखा खोले जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। वहीं, मांगेराम जाटव ने कृषकों से अपना बकाया ऋण समय पर जमा कराने का आग्रह किया। इस अवसर पर महेश त्यागी, पवन शर्मा, सुकेन्द्र और हरीश आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।