चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी का एनसीएफ ने किया दौरा
बिजली आपूर्ति, बिजली मीटर, बिजली कनेक्शन, बिलिंग, बिजली चोरी और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं की ली जानकारी
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 63 स्थित चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी गांव का नोएडा सिटीजन फोरम के पदाधिकारियों ने दौरा किया। यह दौरा एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस निरीक्षण के दौरान बिजली आपूर्ति, बिजली मीटर, बिजली कनेक्शन, बिलिंग, बिजली चोरी और उपभोक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि बिजली चोरी और सरकारी राजस्व में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत काफी गंभीर विषय है। यदि किसी स्तर पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा प्रभावशाली व्यक्तियों की कथित मिलीभगत के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है। बिजली चोरी के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन, नियमित रूप से बिलों का भुगतान करने वाले और वैध विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को सामूहिक कार्रवाई का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए। प्रत्येक बिजली कनेक्शन और मीटर की स्थिति की नियमानुसार अलग-अलग जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर ही कार्रवाई की जानी चाहिए।