विधायक ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात
किसानों, हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन और विभिन्न विकास कार्यों पर हुई चर्चा
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पर आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान किसानों, हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन और विभिन्न विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस चर्चा के दौरान विधायक ने हिंडन क्षेत्र में काफी लंबे समय से बिजली कनेक्शन नहीं मिलने के परेशान परिवारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा गया।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि हिंडन क्षेत्र की कई कॉलोनियों में लंबे समय से नए विद्युत कनेक्शन देने की प्रक्रिया बंद है। इसके कारण बड़ी संख्या में परिवार आज भी नियमित विद्युत सुविधा से वंचित हैं। पात्र परिवारों को सशर्त और अस्थायी विद्युत कनेक्शन देने की भी मांग प्रमुखता के साथ रखी गई। यदि इन कॉलोनियों में वैधानिक तरीके से बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाते हैं तो नागरिकों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत प्राप्त हो सकेगी। इससे बिजली चोरी पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखी गई।
31 अगस्त की कार्रवाई रोकने का भी जताया आभार
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 31 अगस्त को हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में बिजली विभाग द्वारा की गई बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस कार्रवाई को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की गई थी। इस कार्रवाई को तत्काल रोकने के निर्देश दिए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आभार व्यक्त किया।
वैधानिक बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की होगी कार्रवाईःसीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार द्वारा वैधानिक बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए विधि-सम्मत जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।