गाजियाबाद में 29-30 अक्टूबर को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी
जनपद में 29 और 30 अक्टूबर 2026 को आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसे लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अंजनी कुमार सिंह ने जिले के नागरिकों से सतर्कता बरतने और अपनी व परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।
तेजस न्यूज संवाददाता
अपर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की, किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
गाजियाबाद। जनपद में 29 और 30 अक्टूबर 2026 को आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसे लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अंजनी कुमार सिंह ने जिले के नागरिकों से सतर्कता बरतने और अपनी व परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और अत्यंत जरूरी होने पर ही यात्रा करें। मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, टेलीविजन और सोशल मीडिया पर जारी सूचनाओं पर नजर रखें। आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें। पुराने व जर्जर भवनों, कच्ची दीवारों तथा बिजली के खंभों और तारों से दूर रहें। निर्माण स्थलों पर लगे टीन शेड आदि को मजबूती से बांधकर रखें और उनसे पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह
अपर जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि खेतों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखकर ढक दें। भारी बारिश और ओलावृष्टि के दौरान खेतों में जाने से बचें। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों को खराब मौसम के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रखने की भी सलाह दी।
मौसम संबंधी चेतावनियों की जानकारी के लिए गूगल प्ले स्टोर से ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड किया जा सकता है। वहीं, चिकित्सीय सहायता की जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस सेवा के टोल फ्री नंबर 108 और 102 पर संपर्क किया जा सकता है।
अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए निर्धारित सावधानियों का पालन करने की अपील की है।