दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग मामले में आरोपी की बहन भी गिरफ्तार
खेकड़ा कस्बे की एक युवती से दुष्कर्म कर उसे ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के बाद उसकी बहन को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बहन ने पूरे घटनाक्रम में अपने भाई का सहयोग किया था।
दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग मामले में आरोपी की बहन भी गिरफ्तार
- फेसबुक पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप, लाखों रुपये हड़पने का भी मामला
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे की एक युवती से दुष्कर्म कर उसे ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के बाद उसकी बहन को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बहन ने पूरे घटनाक्रम में अपने भाई का सहयोग किया था।
पीड़िता द्वारा कोतवाली में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 में पसोंडा, गाजियाबाद निवासी साहिल ने फेसबुक के माध्यम से उससे संपर्क किया और प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे कई बार दिल्ली के होटलों में ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने विरोध करने या पुलिस एवं परिजनों को जानकारी देने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर उससे लाखों रुपये भी वसूल लिए। पीड़िता के मुताबिक लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग के कारण वह लंबे समय तक इस मामले की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दे सकी। आरोप है कि लाखों रुपये लेने के बाद भी आरोपी लगातार और पैसों की मांग कर रहा था। जांच अधिकारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि मुख्य आरोपी साहिल को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में सहयोग करने के आरोप में उसकी बहन को शनिवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।