एडीके जैन नेत्र अस्पताल में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए विशेष कार्यशाला शुरू
खेकड़ा कस्बे स्थित एडीके जैन नेत्र अस्पताल में दृष्टिबाधित एवं कम दृष्टि वाले बच्चों के लिए पांच दिवसीय विशेष कार्यशाला का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। कार्यशाला में बच्चों ने विभिन्न खेलों और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एडीके जैन नेत्र अस्पताल में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए विशेष कार्यशाला शुरू
- आत्मविश्वास, डिजिटल कौशल और आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर दिया जा रहा जोर
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे स्थित एडीके जैन नेत्र अस्पताल में दृष्टिबाधित एवं कम दृष्टि वाले बच्चों के लिए पांच दिवसीय विशेष कार्यशाला का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। कार्यशाला में बच्चों ने विभिन्न खेलों और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सक्षम फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने किया। उन्होंने बच्चों के साथ संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और विभिन्न खेलों में हिस्सा लेकर उन्हें प्रेरित किया। कार्यशाला में बच्चों को स्मार्टफोन के आसान उपयोग, एक्सेसिबिलिटी फीचर्स, ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ फिल्में देखने, स्पर्श एवं सुनकर खेले जाने वाले खेलों और आधुनिक डिजिटल तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके अलावा टैलेंट शो, क्विज प्रतियोगिता और प्रेरक अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अस्पताल की सीईओ डा. रूमा गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से दैनिक जीवन को आसान बनाने के उपाय भी सिखाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम में शामिल बच्चों और अभिभावकों ने इस पहल को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। इस दौरान एसडीएम मनीष यादव, जीएम मारूति मचानी सहित अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।




