ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की पिकअप से जोरदार टक्कर, सड़क पर बिखरा गेहूं

खेकड़ा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बोलेरो पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पिकअप में लदा गेहूं सड़क पर बिखर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में दोनों चालक सुरक्षित बच गए।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की पिकअप से जोरदार टक्कर, सड़क पर बिखरा गेहूं

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की पिकअप से जोरदार टक्कर, सड़क पर बिखरा गेहूं
- चालक बाल-बाल बचे, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र में मंगलवार दोपहर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बोलेरो पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पिकअप में लदा गेहूं सड़क पर बिखर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में दोनों चालक सुरक्षित बच गए।
पीड़ित चालक पवन ने बताया कि वह चमरावल गांव से किसान का गेहूं लेकर पाठशाला स्थित आटा मिल जा रहा था। बड़ागांव टोल प्लाजा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के बाद रेलवे क्रॉसिंग ब्रिज के पास उसकी बोलेरो पिकअप अचानक खराब होकर रुक गई। वह मदद के लिए फोन करने नीचे उतरा ही था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप में भरा गेहूं सड़क पर दूर-दूर तक फैल गया और कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
ट्रक चालक ओमवीर, जो पानीपत की ओर जा रहा था, ने बताया कि आगे चल रही पिकअप ने अचानक ब्रेक लगाए, जिसके कारण ट्रक पीछे से टकरा गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।