सड़क हादसे में ईंट भट्ठा व्यवसायी की दर्दनाक मौत

बेटे को दिल्ली छोड़ने जा रहे खेकड़ा के ईंट भट्ठा व्यवसायी की बुधवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। नानू गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए। व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका इकलौता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

सड़क हादसे में ईंट भट्ठा व्यवसायी की दर्दनाक मौत

सड़क हादसे में ईंट भट्ठा व्यवसायी की दर्दनाक मौत
- बेटे को दिल्ली छोड़ने जा रहे पिता-पुत्र को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, पुत्र गंभीर
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बेटे को दिल्ली छोड़ने जा रहे खेकड़ा के ईंट भट्ठा व्यवसायी की बुधवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। नानू गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए। व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका इकलौता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक सुनील कुमार मूलरूप से दौराला के रहने वाले थे। करीब 40 वर्षों से वह खेकड़ा की पट्टी रामपुर में परिवार के साथ रह रहे थे। उन्होंने पहले कस्बे में हैंडलूम फैक्ट्री संचालित की, लेकिन बाद में फैक्ट्री बंद कर ईंट भट्ठे में साझेदारी कर ली थी। परिवार में उनके इकलौते पुत्र लविश हैं। बीसीए करने के बाद लविश दिल्ली के ओखला स्थित एक कंपनी में नौकरी करते हैं। बुधवार सुबह सुनील कुमार बेटे लविश को बाइक पर बैठाकर पाठशाला बस स्टैंड छोड़ने पहुंचे थे। काफी देर तक बस नहीं आने पर उन्होंने बेटे को बाइक से ही दिल्ली छोड़ने का निर्णय लिया। दोनों दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से दिल्ली की ओर जा रहे थे। नानू गांव में एनटीपीसी के पास पहुंचते ही सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए। सुनील कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि लविश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल लविश को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि सुनील कुमार के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद भेज दिया। उधर, हादसे की खबर मिलते ही सुनील कुमार के परिवार और मोहल्ले में मातम छा गया। परिजन और परिचित निजी वाहनों से गाजियाबाद रवाना हो गए। देर शाम तक मृतक का शव खेकड़ा नहीं पहुंचा था। परिवार के साथ ही मोहल्ले के लोग भी शव के आने की बाट जोहते रहे।