5 साल बाद पीड़ित को मिला अपना घर, डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ की पहल पर अवैध कब्जा हटाया गया तो वास्तविक मालिक ने योगी सरकार की जय जयकार की
गाजियाबाद जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई के चलते विजयनगर क्षेत्र के सहजवान नगर में एक पीड़ित को पांच वर्ष बाद अपना मकान वापस मिल गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर राजस्व, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध कब्जा हटाकर मकान को कब्जामुक्त कराया और उसकी चाबी वास्तविक स्वामी को सौंप दी गईं
तेजेश चौहान तेजस
5 साल बाद पीड़ित को मिला अपना घर, डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ की पहल पर अवैध कब्जा हटाया गया
गाजियाबाद। जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई के चलते विजयनगर क्षेत्र के सहजवान नगर में एक पीड़ित को पांच वर्ष बाद अपना मकान वापस मिल गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर राजस्व, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध कब्जा हटाकर मकान को कब्जामुक्त कराया और उसकी चाबी वास्तविक स्वामी को सौंप दी।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने जनसुनवाई के दौरान अपनी शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ताज मोहम्मद और उसके साथियों ने उसके मकान पर अवैध कब्जा कर रखा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं इसकी निगरानी की तथा एसडीएम सदर अरुण दीक्षित की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


कार्रवाई के दौरान मकान को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर पीड़ित ईश्वर को सौंप दिया गया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों के साथ गृह प्रवेश कराया गया, जिससे पीड़ित परिवार की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त हो गई।

मकान वापस मिलने पर भावुक हुए पीड़ित ईश्वर ने कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से न्याय के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि “योगी सरकार में मुझे न्याय मिला है। मैं जिलाधिकारी और प्रशासन का आभार व्यक्त करता हूं।”

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “भू-माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।”

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिला प्रशासन ने एक अन्य मामले में चंचल देवी को उनका कब्जामुक्त मकान दिलाकर राहत पहुंचाई थी। गाजियाबाद में भू-माफियाओं के विरुद्ध जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।