बोले वक्ता, एचआईवी पीडित के साथ भेदभाव करना कानूनन दंडनीय
राष्ट्रीय एड्स एवं यौन संचारित संक्रमण नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला क्षय रोग अधिकारी बागपत सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
बोले वक्ता, एचआईवी पीडित के साथ भेदभाव करना कानूनन दंडनीय
- एचआईवी एवं यौन संचारित संक्रमण की रोकथाम को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
राष्ट्रीय एड्स एवं यौन संचारित संक्रमण नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला क्षय रोग अधिकारी सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला स्वास्थ्य समिति और दिशा के सहयोग से आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ जिला क्षय रोग अधिकारी डा. यशवीर सिंह ने किया। कहा कि एचआईवी की समय पर पहचान, उचित उपचार तथा इससे प्रभावित व्यक्ति को समाज में सम्मान एवं समानता का अधिकार दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी से प्रभावित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव करना कानूनन दंडनीय है, इसलिए स्वास्थ्य कर्मियों एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इनके प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाना होगा। कहा कि समय पर एचआईवी जांच और संक्रमित व्यक्तियों की शीघ्र पहचान, मरीजों को त्वरित उपचार से जोड़ना और उपचार की निरंतरता बनाए रखना, यौन संचारित संक्रमणों की जांच एवं उपचार सेवाओं को और अधिक मजबूत करना जरूरी है। कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय एड्स एवं यौन संचारित संक्रमण नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। जनपद में कार्यक्रम की प्रगति, उपलब्धियों, प्रमुख चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और नगरीय एवं ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया। विशेषज्ञों में राजेश रंजन, अवंतिका बाजपेई, डा. मनीष शर्मा, दिशा क्लस्टर से सचिन कुमार, तकनीकी विशेषज्ञ आदाब हुसैन, डा. समोला, डा. सुनीता सोनल, डा. हीना, डा. पूनम, डा. प्रियंका आदि शामिल रहे।