परिवहन विभाग ने 46 बसों का काटा चालान, 25 सीज
परिवहन विभाग ने की ऑपरेशन कवच के तहत कार्रवाई
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 37, सूरजपुर और परी चौक से लेकर महामाया तक परिवहन विभाग ने ऑपरेशन कवच के तहत बसों के खिलाफ अभियान चलाया। यह अभियान एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत एआरटीओ प्रवर्तन की पांच टीमों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर कार्रवाई की। जिसमें मुख्य रूप से परमिट उल्लंघन, बकाया टैक्स और सवारी गाड़ी में माल ढोने के तहत रही। इस अभियान के तहत परिवहन विभाग की 5 प्रवर्तन दल की टीमों ने 46 बसों का चालान काटा और 25 बसों को सीज किया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग को 7 लाख रुपये से ज्यादा का प्रशमन शुल्क और तीन लाख रुपये का बकाया कर आरोपित किया गया।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर ऑपरेशन कवच नोएडा और ग्रेटर नोएडा में चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध परिवहन को पूरी तरह से रोकने के लिए तीन एआरटीओ और 5 पीटीओ के प्रवर्तन दलों द्वारा कार्रवाई की जा रही हैं। यह कार्रवाई नोएडा और ग्रेटर नोएडा के व्यस्त चौराहों, परी चौक, महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर 37 और सूरजपुर में की गई। जांच अभियान के दौरान बसों में कई प्रकार की गंभीर अनियमितताएं भी प्राप्त हुई हैं। जिसमें मुख्य रूप से परमिट शर्तों का खुला उल्लंघन, कर बकाया और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करती हुई पाई गई।
भविष्य में भी जारी रहेगा अभियानःएआरटीओ प्रवर्तन
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और राजस्व को चूना लगाने वाले वाहन स्वामियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ यह अभियान इसी प्रकार के लगातार जारी रहेगा।