दिव्यांगजनों के लिए तीन स्वरोजगार कियोस्क शुरू, आत्मनिर्भरता की दिशा में नई पहल
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँड़ड़ के मार्गदर्शन में नीव शक्ति संस्था द्वारा संचालित 'प्रोजेक्ट समर्थ' के तहत मंगलवार को तीन दिव्यांगजनों के स्वरोजगार के लिए स्थापित कियोस्कों का शुभारंभ किया गया।
तेजस न्यूज संवाददाता
दिव्यांगजनों के लिए तीन स्वरोजगार कियोस्क शुरू, आत्मनिर्भरता की दिशा में नई पहल
गाजियाबाद, 4 अगस्त। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँड़ड़ के मार्गदर्शन में नीव शक्ति संस्था द्वारा संचालित 'प्रोजेक्ट समर्थ' के तहत मंगलवार को तीन दिव्यांगजनों के स्वरोजगार के लिए स्थापित कियोस्कों का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने किया। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब गाजियाबाद की अध्यक्ष दीपा वाली, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन दीपाली, नीव शक्ति संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष ऋचा बल्लभ खुल्बाई सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान लाभार्थी तरुण शर्मा, श्याम लाल और नवरत्न के स्वरोजगार कियोस्कों का शुभारंभ किया गया। इनमें दो कियोस्क इनर व्हील क्लब गाजियाबाद के आर्थिक सहयोग से तथा एक कियोस्क नीव शक्ति संस्था द्वारा प्रोजेक्ट समर्थ के अंतर्गत स्थापित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने कहा कि दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़ना उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नीव शक्ति संस्था और इनर व्हील क्लब गाजियाबाद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समावेशी विकास को मजबूती प्रदान करते हैं।

नीव शक्ति संस्था की संस्थापक ऋचा बल्लभ खुल्बाई ने बताया कि प्रोजेक्ट समर्थ का उद्देश्य दिव्यांगजनों को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने इस पहल में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, मुख्य विकास अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान तथा इनर व्हील क्लब गाजियाबाद का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोहित, अमित, रितु बंसल, आयुष, सागर एवं नीव शक्ति संस्था की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। संस्था ने भविष्य में भी अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराया।