गांवों के रास्ते पानी में लबालब, निकासी की हो उचित व्यवस्थाःबबलू चौहान
सपा कार्यकर्ताओं ने की वरिष्ठ प्रबंधक से मुलाकात
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 19 स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जन स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक आरके शर्मा से मुलाकात की। यह मुलाकात समाजवादी पार्टी के नोएडा विधान सभा अध्यक्ष बबलू चौहान के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान सिविल और जन स्वास्थ्य विभाग की सड़कों में गड्ढे और वाटर लॉगिंग आदि जनसमस्याओं से अवगत कराया गया। वहीं, उनके समाधान की भी मांग की गई।

समाजवादी पार्टी के नोएडा विधान सभा अध्यक्ष बबलू चौहान ने बताया कि गांव के तालाब की सफाई और बरसात के मौसम में महामारी फैलाने का खतरा लगातार मंडरा रहा है। गांव में फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नोएडा प्राधिकरण द्वारा किया जाए। गांव में रोजाना सफाई नहीं होना और कूड़े की गाड़ी का समय से नहीं आना, मनमानी तरीके से कूड़े की गाड़ी का लाना और गांव में प्राइमरी पाठशाला के चारों तरफ जलभराव की समस्या को सड़क बनाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रत्येक वर्ष गांव में हल्की बारिश होने पर सड़कों पर पानी भर जाता है। जिससे स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक आरके शर्मा ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा।