गौतमबुद्ध नगर में स्कूलों का बदला समय, डीएम ने जारी किया आदेश

कक्षा एक से आठवीं तक सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे स्कूल

गौतमबुद्ध नगर में स्कूलों का बदला समय, डीएम ने जारी किया आदेश

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लगातार भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम की तरफ से एक बड़ा फैसला किया गया है। यह फैसला स्कूली बच्चों को लू और हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, अब कक्षा प्रथम से आठवीं तक के सभी बच्चों की कक्षाएं सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने बताया कि यह आदेश सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड, मदरसा और अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू किया गया है। इस आदेश का मुख्य कारण यह है कि बढ़ते तापमान और उसम को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों की छुट्टी दोपहर की तेज धूप शुरू होने से पहले कर दी जाएगी।      
दोपहर के समय हीट स्ट्रोक का सबसे बड़ा खतराःडीएम
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा पहुंच गया है। ऐसे में दोपहर के समय घर लौटने वाले बच्चों को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है। सबसे ज्यादा हीट स्ट्रोक का खतरा दोपहर के समय होता है। बच्चों को गर्मी के दुष्प्रभाव से काफी हद तक बचाने के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि छात्रों के लिए पर्याप्त मात्रा में ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। अगले आदेश तक स्कूलों में आउटडोर खेलकूद, प्रार्थना सभा और अन्य बाहरी गतिविधियां पूरी तरह से बंद रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने वाले सभी स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।