दबंगई में यमुना बांध की पटरी तीन जगह तोड़ी, बाढ़ का खतरा बढ़ा
मवीकलां गांव में यमुना नदी के अलीपुर बांध की पटरी तीन स्थानों से तोड़े जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने दबंगई दिखाते हुए सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। पटरी टूटने से यमुना का जलस्तर बढ़ने पर गांव में बाढ़ का पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। शनिवार को ग्रामीणों ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी और तहसील दिवस प्रभारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
दबंगई में यमुना बांध की पटरी तीन जगह तोड़ी, बाढ़ का खतरा बढ़ा
- मवीकलां में ग्रामीणों का आरोप, विरोध करने पर दी भुगत लेने की धमकी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
मवीकलां गांव में यमुना नदी के अलीपुर बांध की पटरी तीन स्थानों से तोड़े जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने दबंगई दिखाते हुए सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। पटरी टूटने से यमुना का जलस्तर बढ़ने पर गांव में बाढ़ का पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। शनिवार को ग्रामीणों ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी और तहसील दिवस प्रभारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
मवीकलां निवासी किसान हरदेव, लीलू, संजीव, अंकित, मुकेश और उज्जवल समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अलीपुर बांध की पटरी ठोकर संख्या दो और तीन के बीच स्थित है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने पटरी को तीन स्थानों से तोड़ दिया। ग्रामीणों ने जब पटरी को दोबारा ठीक कराने के लिए कहा तो आरोपित भड़क गया और विवाद पर आमादा होकर उन्हें भुगत लेने की धमकी देने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि यमुना का जलस्तर बढ़ने पर टूटी पटरी से पानी गांव की ओर पहुंच सकता है। ऐसे में समय रहते पटरी की मरम्मत नहीं हुई तो ग्रामीणों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। आरोप है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही जनहित में बांध की टूटी पटरी की तत्काल मरम्मत कराने की गुहार लगाई है।