अब तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा खेकड़ा रेलवे स्टेशन
खेकड़ा रेलवे स्टेशन अब तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रेल विभाग ने स्टेशन परिसर में पांच आधुनिक हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। रेलवे के इस कदम से यात्रियों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं दैनिक यात्री संघ ने भी इसका स्वागत किया है।
अब तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा खेकड़ा रेलवे स्टेशन
- रेलवे ने लगाए पांच हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे, यात्रियों की सुरक्षा होगी मजबूत
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
खेकड़ा रेलवे स्टेशन अब तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रेल विभाग ने स्टेशन परिसर में पांच आधुनिक हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। रेलवे के इस कदम से यात्रियों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं दैनिक यात्री संघ ने भी इसका स्वागत किया है।
खेकड़ा रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री बड़ौत, शामली के साथ दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम के लिए सफर करते हैं। इनमें बड़ी संख्या नौकरीपेशा लोगों की है। पिछले दिनों यात्रियों के साथ मारपीट समेत अन्य घटनाएं सामने आने के बाद रेलवे पुलिस भी सुरक्षा को लेकर सतर्क है। ऐसे में स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्टेशन पर लगाए गए सभी कैमरे 24 घंटे सातों दिन लगातार गतिविधियों पर नजर रखेंगे। कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, जिससे किसी भी घटना की स्थिति में जांच के दौरान फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकेगा। इससे यात्रियों के साथ होने वाली घटनाओं के अलावा असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा सकेगी। दैनिक यात्री संघ के महासचिव धर्मसिंह एसडीओ ने रेल विभाग के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि संघ लंबे समय से अपने मांगपत्रों के माध्यम से रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग करता आ रहा था। कैमरे लगने से स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।