10 घंटे बंद रहेगा खेकड़ा का मुबारिकपुर रेल फाटक
रेल पटरी की मरम्मत और पुरानी रेल लाइनों को बदलने के कार्य के चलते खेकड़ा में मुबारिकपुर मार्ग स्थित रेलवे फाटक 27 जुलाई की रात से 28 जुलाई की सुबह तक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन ने इस दौरान वाहनों के आवागमन के लिए बड़ागांव मार्ग स्थित रेलवे फाटक को वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है।
10 घंटे बंद रहेगा खेकड़ा का मुबारिकपुर रेल फाटक
- 27 जुलाई की रात से 28 जुलाई सुबह तक यातायात रहेगा बंद, बड़ागांव फाटक से गुजरेंगे वाहन
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
रेल पटरी की मरम्मत और पुरानी रेल लाइनों को बदलने के कार्य के चलते खेकड़ा में मुबारिकपुर मार्ग स्थित रेलवे फाटक 27 जुलाई की रात से 28 जुलाई की सुबह तक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन ने इस दौरान वाहनों के आवागमन के लिए बड़ागांव मार्ग स्थित रेलवे फाटक को वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है।
वरिष्ठ अनुभाग अभियंता, उत्तर रेलवे बड़ौत की ओर से खेकड़ा कोतवाली प्रभारी को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि मुबारिकपुर रेल फाटक के पास पुरानी रेल लाइन लगी हुई है। लंबे समय से उपयोग में आने के कारण यह रेल लाइन अब ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए उपयुक्त नहीं रह गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुरानी रेल लाइन को बदलना आवश्यक है।
रेलवे के अनुसार 27 जुलाई की रात आठ बजे से 28 जुलाई की सुबह छह बजे तक करीब दस घंटे तक मुबारिकपुर मार्ग स्थित रेल फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह बाधित रहेगा। इस दौरान वाहनों को बड़ागांव मार्ग स्थित रेलवे फाटक से होकर निकाला जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए खेकड़ा कोतवाली से पुलिस बल की भी मांग की है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित अवधि में मुबारिकपुर फाटक का रास्ता न अपनाएं और बड़ागांव मार्ग स्थित रेलवे फाटक से होकर आवागमन करें।