हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से परहेज कर रहे सरकारी वाहन
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई सरकारी वाहनों पर अभी भी एचएसआरपी नहीं लग पाया है
सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और वाहनों की पहचान सुरक्षित बनाने के लिए भले ही हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य किया गया है। लेकिन, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई सरकारी वाहनों पर अभी भी एचएसआरपी नहीं लग पाया है। ऐसे में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े होने लग गए हैं।

परिवहन विभाग की तरफ से निजी और व्यावसायिक वाहनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए गए थे। परिवहन विभाग समय-समय पर अभियान चलाकर वाहन स्वामियों को जागरूक भी किया जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ कई सरकारी विभागों के वाहनों में अब भी पुरानी नंबर प्लेटें लगी हुई साफ नजर आ रही है। नोएडा प्राधिकरण, विकास भवन, कलेक्ट्रेट और सीएमओ कार्यालय में आने-जाने वाले कई वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं लगा हुआ है। भाकियू (मंच) के मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि परिवहन विभाग के अधिकारी आम लोगों के वाहनों का चालन कर देते हैं। लेकिन, सरकारी वाहनों पर किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।