ईस्टर्न पेरीफेरल पर दर्दनाक हादसा, 12 की मौत, 24 घायल
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा गांव के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 24 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल बताई जा रही है। घायलों में कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ईस्टर्न पेरीफेरल पर दर्दनाक हादसा, 12 की मौत, 24 घायल
- राजस्थान से बदायूं लौट रहे 32 लोगों से भरी पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलटी, कई घायल दिल्ली रेफर
- सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता देने के निर्देश दिए
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा गांव के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 24 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल बताई जा रही है। घायलों में कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पिकअप वाहन में करीब 32 लोग सवार थे। सभी राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर अपने गांव अलाहपुर, थाना उझानी, जनपद बदायूं लौट रहे थे। रविवार की रात करीब 12 बजे बड़ा गांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन पलट गया और उसमें सवार लोग उसके नीचे और आसपास जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही चार पीआरवी, एंबुलेंस, खेकड़ा थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के जीटीवी अस्पताल समेत अन्य हायर सेंटर रेफर किया गया।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने उपचाराधीन घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को घायलों का प्राथमिकता के आधार पर बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए एक्सप्रेसवे पर आवागमन सुचारू कराया। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की जाती रही।
सीएम योगी ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अलाहपुर गांव में भी छा गया मातम
हादसे के बाद बदायूं के अलाहपुर गांव में भी मातम छा गया। अपनों के सकुशल लौटने का इंतजार कर रहे परिवारों में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान तथा उनके परिजनों से संपर्क की कार्रवाई में जुटा है।
