परिवहन विभाग ने तीन दिनों में 47 बसों को किया सीज
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में चलाया जा रहा ऑपरेशन कवच
तेजस न्यूज संवाददाता
परिवहन विभाग ने जीरो प्वाइंट, महामाया, दादरी, बादलपुर और सेक्टर 62 में विशेष प्रवर्तन अभियान ऑपरेशन कवच का आयोजन किया। यह अभियान एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा अनधिकृत और नियम विरुद्ध संचालित होने वाली बसों के खिलाफ चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने अब तक 47 बसों को सीज किया है।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि अभियान के दौरान गौतमबुद्ध नगर में प्रवर्तन दलों को मैदान में उतारा गया है। इन टीमों ने विभिन्न मार्गों पर औचक चेकिंग अभियान के दौरान अब तक कुल 47 बसों को सीज किया है। जबकि 76 बसों का चालान भी काटा गया है।
तकनीकी निरीक्षण में फेल होने पर निलंबित होगा फिटनेस और पंजीकरणःएआरटीओ प्रवर्तन
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि सीज की गई इन सभी 46 बसों को केवल चालान और जुर्माना भरने से नहीं छोड़ा जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। इन सभी बसों का गहन तकनीकी निरीक्षण कराया जा रहा है। यह सभी बसें एआईएस-119 मानकों के तहत पूरी तरह फिट और सुरक्षित पाए जाने के बाद ही बसों को अवमुक्त किया जाएगा। यदि कोई भी बस मानकों पर खरी नहीं उतरती है तो उसका पंजीकरण और फिटनेस प्रमाण पत्र निलंबित किया जाएगा।
बस ऑपरेटरों के खिलाफ होगी दंडात्मक कार्रवाई
परिवहन विभाग की तरफ से सभी बस ऑपरेटरों को सख्त चेतावनी दी गई है कि अनधिकृत रूप से बसें चलाने वाले और यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी सवारी बसें निर्धारित वाहन मानकों के अनुसार ही संचालित करें।