जिलाधिकारी ने किया अलीपुर व काठा तटबंध का निरीक्षण
जिलाधिकारी बागपत ने मंगलवार को खेकड़ा तहसील क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे स्थित सुभानपुर, अलीपुर, काठा तटबंध का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यमुना नदी के जल स्तर की स्थिति पर बारीकी से निगरानी रखते हुए सिंचाई विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किया अलीपुर व काठा तटबंध का निरीक्षण
- बाढ़ और अति वर्षा के समय नहीं आने दी जाएगी कोई समस्या
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जिलाधिकारी ने मंगलवार को खेकड़ा तहसील क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे स्थित सुभानपुर, अलीपुर, काठा तटबंध का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यमुना नदी के जल स्तर की स्थिति पर बारीकी से निगरानी रखते हुए सिंचाई विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने स्पष्ट किया कि पिछले वर्षों में जिन गांवों को बाढ़ का सामना करना पड़ा था, वहां इस बार चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ और अति वर्षा की स्थिति में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर हर संभव कदम उठाए जाएं। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग द्वारा अब तक किए गए कार्यों का भी सत्यापन किया गया। जिलाधिकारी ने रिवरसाइड पर बोल्डर पिचिंग कराने के निर्देश देते हुए कहा कि तटबंधों की नियमित निगरानी की जाए और जहां-जहां सेह जानवर के बनाए हॉल बंद किए गए हैं, उन पर विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान ग्राम प्रधान सुभानपुर गजेन्द्र त्यागी, एसडीएम निकेत वर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रजनीश आदि अधिकारी मौजूद रहे।
15000 कट्टे, 800 बल्ली और 365 बोल्डर रिजर्व में
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि मवीकलां से सुभानपुर तक अलीपुर तटबंध की कुल लंबाई 8.4 किलोमीटर है। जल स्तर में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए विभाग ने 15,000 कट्टे, 800 बल्ली और 365 बोल्डर रिजर्व में रखे हैं। ताकि किसी भी आपात स्थिति से निबटा जा सके।
क्षेत्र में 11 बाढ़ चौकियों पर कर्मचारी तैनात
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ़ क्षेत्र की 11 चौकियों पर कर्मचारी तैनात रहें और सिंचाई विभाग का कंट्रोल रूम सक्रिय रूप से कार्य करे। ग्रामीणों को कंट्रोल रूम का नंबर उपलब्ध कराया जाए ताकि किसी भी प्रकार की समस्या की तत्काल जानकारी मिल सके और उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
