आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का जल्द से जल्द करें निस्तारणःएडीएम
आईजीआरएस पोर्टल को लेकर अपर जिलाधिकारी ने की बैठक
सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में आईजीआरएस पोर्टल को लेकर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार ने समीक्षा बैठक की। इस समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों, शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक, विभागवार प्रगति एवं गौतमबुद्ध नगर की रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का शासन की मंशा के तहत समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण किया जा सके। कोई भी विभाग डिफाल्टर और बॉटम-10 की श्रेणी में नहीं पहुंचे। माह जुलाई में जिन विभागों का संतुष्ट फीडबैक 50 प्रतिशत से कम रहेगा। उन विभागाध्यक्षों का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। प्रत्येक विभाग शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित किए जाने के संबंध में प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएगा। सभी अधिकारी शिकायकर्ताओं से नियमित रूप से संवाद बनाए रखे। प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, सहायक आयुक्त स्टांप (द्वितीय) बृजेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर प्रशासन राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, उपयुक्त उद्योग पंकज निर्वाण और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग चंद सारस्वत समेत कई संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।