निठारी गांव में नोएडा सिटीजन फोरम ने की बैठक
बढ़ती नशे की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी, नशा उन्मूलन के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 31 स्थित निठारी गांव में नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) के पदाधिकारियों ने एक बैठक का आयोजन किया। यह बैठक नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान गांव की प्रमुख जन समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में पूर्व ग्राम प्रधान विमलेश शर्मा भी मौजूद रहीं।

एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने बताया कि युवाओं को नशे से बचाना केवल कानून और व्यवस्था का विषय नहीं है। बल्कि, युवाओं को नशे से बचाना हमारे समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से भी जुड़ा एक गंभीर प्रश्न है। नशा उन्मूलन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रभावी तरीके से काम करना होगा। इस समस्या के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गांव के सभी निवासियों की एक बैठक की जाएगी। इस बैठक के दौरान नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष गांव की प्रमुख समस्या नशा उन्मूलन को रखा जाएगा। इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव की सफाई और मूलभूत सुविधाओं के अलावा विभिन्न समस्याओं से अवगत भी कराया। इस मौके पर प्रदीप यादव, ओमप्रकाश, पुष्कर शर्मा, संजय, सोनू शर्मा, साहिल नागर, कपिल अंबावता और अभिषेक नागर समेत कई लोग मौजूद रहे।