25 सितंबर से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो
5 से 6 लाख लोगों के आने की संभावना, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के भी व्यस्त रहने की संभावना
तेजस न्यूज संवाददाता
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन होने जा रहा है। यह संस्करण आगामी 25 सितंबर से 29 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश और विदेश के कारोबारियों के पहुंचने की संभावना है। वहीं, जिला प्रशासन की तरफ से उम्मीद है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बनने के बाद इस बार यहां आने वाले कारोबारियों की संख्या में अपेक्षाकृत काफी ज्यादा इजाफा होने जा रहा है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में पिछले साल करीब 5.07 लाख लोग पहुंचे थे। ऐसे में इस साल लगभग 5 से 6 लाख लोगों के आने की संभावना जिला प्रशासन की तरफ से लगाई जा रही है। हालांकि, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के चलते लोगों के आने की संभावना अपेक्षाकृत ज्यादा आंकी जा रही है।

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में नोएडा से जुड़े उत्पादों में केक, पेस्ट्री और बेकरी उत्पादों को ओडीओसी के तहत प्रदर्शित किए जाने की सूचना प्राप्त हो रही है। इससे स्थानीय फूड कारोबारियों और निर्माताओं को अपने उत्पादों को नए खरीदारों, वितरकों और संभावित बाजारों के सामने पेश करने का मौका प्राप्त होगा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से ग्रेटर नोएडा में स्थानीय गतिविधियां काफी ज्यादा बढ़ सकती है। होटल, रेस्टोरेंट, कैब और टैक्सी, स्थानीय परिवहन, फूड सर्विस, रिटेल और लॉजिस्टिक्स समेत कई सेवाओं से जुड़े कारोबार को अतिरिक्त ग्राहक प्राप्त हो सकते हैं।
ट्रेड शो के दौरान ट्रैफिक भी एक बड़ी चुनौती
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुचारू बनाए रखना यातायात पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है। बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के चलते एंट्री-एग्जिट पॉइंट, पार्किंग क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर काफी दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में आयोजन स्थल तक आने वाले रास्तों पर ट्रैफिक प्रबंधन, पर्याप्त पार्किंग, वाहनों की आवाजाही और पैदल आगंतुकों के लिए सुरक्षित व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण होगी।