बसी में 15 सितंबर को सजेगा कबड्डी का मैदान, जनपदभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
जनता इंटर कॉलेज, बसी की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत 15 सितंबर को जनपद स्तरीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता नैन स्पोर्ट्स कबड्डी एकेडमी, बसी में होगी। इसमें जनपदभर के विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बसी में 15 सितंबर को सजेगा कबड्डी का मैदान, जनपदभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
- अंडर-14, 17 और 19 वर्ग में बालक-बालिकाएं लेंगी हिस्सा, प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
जनता इंटर कॉलेज, बसी की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत 15 सितंबर को जनपद स्तरीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता नैन स्पोर्ट्स कबड्डी एकेडमी, बसी में होगी। इसमें जनपदभर के विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजकों ने जनपद के सभी शारीरिक शिक्षकों, शिक्षिकाओं और विद्यालय क्रीड़ा प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्र के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की क्षेत्रवार और विकासखंडवार संकलित सूची तैयार कर निर्धारित समय पर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया है। खिलाड़ियों को पात्रता प्रपत्र भी अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने के साथ शारीरिक शक्ति और सहनशक्ति को बढ़ावा देना है। साथ ही ग्रामीण और विद्यालयी स्तर पर छिपी कबड्डी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ उन्हें जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। आयोजकों ने खिलाड़ियों से कबड्डी खेलें, आगे बढ़ें और स्वस्थ रहें के संदेश के साथ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने की अपील की है। प्रतियोगिता के आयोजक जनता इंटर कॉलेज, बसी के प्रबंधक राजपाल सिंह और प्रधानाचार्य रोहित तरार ने सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।