मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, एसडीएम से जांच की मांग
हसनपुर मसूरी में पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवार नूर मोहम्मद ने मतदाता सूची में बड़े स्तर पर गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी खेकड़ा को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, एसडीएम से जांच की मांग
- पात्र मतदाताओं के नाम काटने और अपात्र लोगों के नाम जोड़ने का लगाया आरोप
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के ग्राम हसनपुर मसूरी में पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवार नूर मोहम्मद ने मतदाता सूची में बड़े स्तर पर गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी खेकड़ा को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में नूर मोहम्मद ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में पात्र और अपात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने व हटाने का कार्य बीएलओ द्वारा किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं। उनका कहना है कि गांव में परिवार के साथ रहने वाले और सभी आवश्यक दस्तावेज रखने वाले कई पात्र लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। वहीं दूसरी ओर ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कर दिए गए हैं, जो न तो गांव के निवासी हैं और न ही उनके पास आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि हाल ही में जारी वोटर लिस्ट 2026 का घर-घर जाकर मिलान किया गया, जिसमें करीब 220 वोट पात्र लोगों के पाए गए, जबकि लगभग 100 वोट अपात्र व्यक्तियों के नाम दर्ज मिले हैं। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि पूरे मामले की गहन जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं और अपात्र लोगों के नाम हटाए जाएं। साथ ही बीएलओ द्वारा किए गए कार्यों की भी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ग्राम पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों ने गांव की सियासत को गरमा दिया है और मामला अब प्रशासनिक जांच तक पहुंच गया है।