सतनारायण गोयल के नाम पर भी चर्चा शुरू, संभावित प्रत्याशियों की सूची में नाम
वैश्य समाज से आते हैं सतनारायण गोयल, बड़े समाजसेवी में आता है उनका नाम
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा विधान सभा सीट में आगामी 2027 को होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर भाजपा में रोजाना संभावित प्रत्याशियों की चर्चा का बाजार गर्म होता जा रहा है। अब इस बात की चर्चा भी हो रही है कि सेक्टर 55 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और शहर के बड़े समाजसेवियों में शामिल सतनारायण गोयल भी नोएडा विधान सभा सीट से टिकट की दावेदारी पेश कर सकते हैं। सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि सतनारायण गोयल ने आगामी विधान सभा चुनावों के लिए भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की है।

सतनारायण गोयल का संभावित प्रत्याशियों में ऐसे समय पर नाम सामने आ रहा है, जब वैश्य समाज से आने वाले पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता का नाम भी चर्चा में चल रहा है। गौरतलब है कि नोएडा विधान सभा सीट पर वैश्य समाज से भी एक से ज्यादा संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा चल रही हैं। इस चर्चा के बीच अब नोएडा विधान सभा सीट पर टिकट की रेस बढ़ने के साथ ही लगातार दिलचस्प होती जा रही हैं। हालांकि, नोएडा विधान सभा सीट पर मौजूदा विधायक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह का टिकट कटना थोड़ा मुश्किल अवश्य लग रहा है। लेकिन, नोएडा विधान सभा सीट पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा ही किया जाएगा।
वैश्य समाज से आ रहे अब तक संभावित प्रत्याशियों के नाम
नोएडा विधान सभा सीट पर अब तक वैश्य समाज के ही कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। इसमें भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता और वरिष्ठ समाजसेवी सतनारायण गोयल समेत कई नाम शामिल हैं। वैश्य समाज के अलावा शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों की तरफ से वरिष्ठ समाजसेवी सतनारायण गोयल से चुनाव लड़ने की अपील की गई है। अभी तक वरिष्ठ समाजसेवी सतनारायण गोयल की तरफ से नोएडा विधान सभा सीट से चुनाव लड़ने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
व्यापारी समाज के साथ हमेशा होते हैं खड़े
वरिष्ठ समाजसेवी सतनारायण गोयल सेक्टर 9 में अपना व्यापार पिछले कई सालों से कर रहे हैं। सेक्टर 9 के व्यापारियों के अलावा शहर के विभिन्न व्यापारियों के बीच उनका जुड़ाव काफी ज्यादा है। व्यापारियों की समस्याओं को विभिन्न स्तरों पर लगातार उठाते रहते हैं। साल 2012 में व्यापारियों के आंदोलन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में उनके गंभीर रूप से घायल होने की घटना भी शहर के व्यापारी वर्ग के बीच काफी होती है। सेक्टर 94 स्थित गौशाला में हवन और धार्मिक कार्यक्रमों में के लिए बड़े हॉल के निर्माण में उनकी भूमिका काफी अहम मानी जाती है।