सांसद के कार्यक्रमों में शामिल नजर आ रहे मुकेश शर्मा
सपा से टिकट की दावेदारी ठोक रहे मुकेश शर्मा, भाजपा में शामिल होने को लेकर अटकलें हुई तेज
तेजस न्यूज संवाददाता
समाजवादी पार्टी से टिकट की दावेदारी ठोक रहे व्यापारी नेता मुकेश शर्मा इन दिनों काफी चर्चा का केंद्र बन चुके हैं। पिछले कुछ समय से व्यापारी नेता मुकेश शर्मा सांसद डॉ. महेश शर्मा समेत भाजपा के कई कार्यक्रमों में लगातार नजर आ रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, व्यापारी नेता मुकेश शर्मा ने सांसद डॉ. महेश शर्मा से भी मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद ऐसी अटकलें तेज हो गई है कि व्यापारी नेता मुकेश शर्मा भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल ने बताया कि समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक विचारधाराएं पूरी तरह विपरीत हैं। ऐसे में सपा से टिकट मांगने वाले व्यापारी नेता मुकेश शर्मा का भाजपा के प्रमुख सांसद डॉ. महेश शर्मा के साथ सार्वजनिक मंच पर दिखना उनकी वैचारिक दृढ़ता पर सवाल खड़ा करता है। चुनावी मैदान में स्थानीय कार्यकर्ता रात-दिन विपक्षी दलों के खिलाफ संघर्ष करते हैं। अपने ही संभावित प्रत्याशी को प्रतिद्वंद्वी दल के बड़े नेता के साथ इस प्रकार से मंच साझा करने से जमीनी कार्यकर्ताओं के मनोबल पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। कार्यकर्ताओं के बीच एक असमंजस की स्थिति भी पैदा होती है।
दल के प्रति वफादारी होना सबसे बड़ा पैमानाःगौरव सिंघल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल ने बताया कि किसी भी पार्टी को टिकट के बंटवारे में दल के प्रति वफादारी सबसे बड़ा पैमाना मानी जाती है। इस प्रकार की तस्वीरें साफ संदेश देती है कि व्यापारी नेता मुकेश शर्मा की निष्ठा समाजवादी पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित नहीं हैं। जिससे पार्टी कार्यकर्ता के बीच उनकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।