जनपद न्यायाधीश ने यातायात पुलिस की बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर निकाली बाइक रैली, 12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
तेजस न्यूज संवाददाता
सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय पर राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर यातायात पुलिस ने बाइक रैली का आयोजन किया। इस बाइक रैली को जनपद न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइक रैली दीवानी न्यायालय से शुरू होकर एलजी चौक और जगतफार्म होते हुए परी चौक पर जाकर समाप्त हुई।

जनपद न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 12 सितंबर को सुबह 10 बजे जनपद मुख्यालय और सभी तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण आपसी सहमित और समझौते के आधार पर किया जाएगा। इसके तहत मोटर वाहन चालान, मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के बाद, वैवाहिक वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के वाद, दीवानी वाद, एनआई एक्ट और ई-चालान के वाद, आर्बिट्रेशन के वाद, लघु शमनीय वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 के वाद, विद्युत अधिनियम के वाद और भू-राजस्व के वाद समेत कई अन्य प्रकृति के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त सेवा संबंधी मामले, पेंशन के मामले, श्रम से संबंधित मामले, प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत और बीएसएनएल के टेलीफोनिक बिल से संबंधित मामलों का भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

7678643985 पर कर सकते हैं संपर्क
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों से अपील की गई है कि वह अपने लंबित मामलों के जल्द से जल्द निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत की अधिकाधिक लाभ उठाएं। जन सामान्य की सुविधा के लिए टेली सेवा भी संचालित की गई है। किसी भी जानकारी और सहायता के लिए जनसामान्य मोबाइल नंबर 7678643985 पर संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर अपर जिला जज प्रथम सुनील कुमार, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एस.टी.एक्ट) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विवेक अग्रवाल, एसीपी पवन कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रफुल्ल श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर सूरजपुर संजीव उज्जवल समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।