जिला पूर्ति अधिकारी और एआरटीओ ने किया पेट्रोल पंपों का निरीक्षण
गौतमबुद्ध नगर में अब बिना पीयूसीसी प्रमाण पत्र नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लगभग 113 पेट्रोल पंपों का जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल और एआरटीओ प्रशासन नंद कुमार ने निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान सभी पेट्रोल पंपों पर पीयूसीसी ऐप इंस्टॉल कर वाहनों की जांच की प्रक्रिया को शुरू कराया। वहीं, निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संसाचलों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती के साथ पालन करने निर्देश भी जारी किए गए। गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अब बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसीसी) वाले वाहनों को पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने बताया कि बिना वैध पीयूसीसी प्रमाण-पत्र वाले वाहनो को ईंधन उपलब्ध नहीं कराने की व्यवस्था का प्रभावी तरीके से पालन कराया जाएगा। इसके अलावा वाहन स्वामियों को प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र की वैधता सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सभी पेट्रोल-पंपों पर पीयूसीसी संबंधी दिशा-निर्देशों के बैनर भी लगाए जा रहे हैं। जिससे वाहन स्वामी समय से अपने वाहनों का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र बनवाकर नियमों का पालन सुनिश्चित कर सकें।