पिलखुवा के चेयरमैन विभु बंसल की गाजियाबाद की राजनीति में बढ़ी सक्रियता

चाय पर चर्चा में गरमाया सियासी माहौल, रामलीला समेत जनहित के कार्यों में सहयोग का दिया भरोसा पिलखुवा नगर पालिका के चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विभु बंसल की गाजियाबाद की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है

पिलखुवा के चेयरमैन विभु बंसल की गाजियाबाद की राजनीति में बढ़ी सक्रियता

तेजस न्यूज संवाददाता 

चाय पर चर्चा में गरमाया सियासी माहौल, रामलीला समेत जनहित के कार्यों में सहयोग का दिया भरोसा

गाजियाबाद। पिलखुवा नगर पालिका के चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विभु बंसल की गाजियाबाद की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। प्रताप विहार स्थित तेजस न्यूज़ कार्यालय परिसर में आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में राजनीति, सामाजिक सरोकार और धार्मिक आयोजनों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

कार्यक्रम का आयोजन श्री रामचरितमानस रामलीला कमेटी, प्रताप विहार सेक्टर-11 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन एवं राजपूत कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता विभु बंसल का पगड़ी एवं पटका पहनाकर तथा फूल मालाओं से स्वागत किया गया।

चर्चा के दौरान विभु बंसल ने कहा कि गाजियाबाद के लोग उन्हें पिलखुवा से जोड़कर देख रहे हैं। जबकि वह लंबे समय से गाजियाबाद के कवि नगर क्षेत्र में रह रहे हैं। वर्तमान में वह पिलखुवा नगर पालिका के चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और जनहित से जुड़े कार्यों में योगदान देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह वह अपने नगर पालिका क्षेत्र में जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उसी भावना के साथ गाजियाबाद में भी सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने इस वर्ष होने वाले रामलीला महोत्सव में श्री रामचरितमानस रामलीला कमेटी को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही भविष्य में समाज हित से जुड़े अन्य कार्यों में भी भागीदारी की बात कही।

विधायक संजीव शर्मा के कार्यों की सराहना

चाय पर चर्चा के दौरान विभु बंसल ने गाजियाबाद शहर विधायक संज‌ीव शर्मा द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे जनहित के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने विधायक के प्रयासों को सकारात्मक बताते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों में सक्रियता को महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में राजनीति के साथ-साथ रामलीला आयोजन, सामाजिक गतिविधियों, धार्मिक कार्यक्रमों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी, प्रताप विहार सेक्टर-11 आरडब्ल्यूए और राजपूत कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।

चाय पर हुई इस चर्चा को गाजियाबाद के सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में विभु बंसल की बढ़ती सक्रियता के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।