राष्ट्रपति भवन से आया बुलावा, खेकड़ा का लाल सचिन यादव बढ़ाएगा देश का मान
खेकड़ा के अंतरराष्ट्रीय जेवलिन थ्रो खिलाड़ी सचिन यादव की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। देश की राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन से उन्हें 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए विशेष निमंत्रण भेजा गया है। मंगलवार को डाक विभाग के माध्यम से जैसे ही निमंत्रण पत्र उनके घर पहुंचा, पूरे परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
राष्ट्रपति भवन से आया बुलावा, खेकड़ा का लाल सचिन यादव बढ़ाएगा देश का मान
- स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का मिला विशेष निमंत्रण, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर
- वर्ल्ड एथलेटिक्स में दमदार प्रदर्शन के बाद एक और बड़ा सम्मान, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
खेकड़ा के अंतरराष्ट्रीय जेवलिन थ्रो खिलाड़ी सचिन यादव की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। देश की राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन से उन्हें 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए विशेष निमंत्रण भेजा गया है। मंगलवार को डाक विभाग के माध्यम से जैसे ही निमंत्रण पत्र उनके घर पहुंचा, पूरे परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
कस्बे के अहिरान मोहल्ला निवासी सचिन यादव ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेकड़ा और बागपत का नाम रोशन किया है। सितंबर 2025 में टोक्यो में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चौंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम से भी बेहतर थ्रो किया था। हालांकि बेहद मामूली अंतर से वह पदक से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे, लेकिन उनके प्रदर्शन ने पूरे खेल जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर कार्यरत सचिन यादव को डीजीपी उत्तर प्रदेश ने विशेष सम्मान देते हुए सब-इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया था। अब राष्ट्रपति भवन से मिला यह निमंत्रण उनकी उपलब्धियों पर एक और बड़ी मुहर माना जा रहा है। सचिन यादव ने इस सम्मान के लिए देश की महामहिम राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, बागपत जनपद और उनके गृह नगर खेकड़ा के प्रत्येक नागरिक का सम्मान है। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतकर तिरंगे को विश्व मंच पर सबसे ऊंचा लहराना है। राष्ट्रपति भवन से मिले इस विशेष आमंत्रण के बाद सचिन के परिजनों में जबरदस्त उत्साह है और उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्षेत्र के खेल प्रेमी, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने भी इस उपलब्धि पर सचिन यादव को बधाई देते हुए इसे पूरे बागपत जनपद के लिए गौरव का क्षण बताया है।