अग्निशमन उपकरणों की दीपावली से पहले करें जांचःसुरोजित दासगुप्ता
दीपावली पर हाई-राइसज सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा की अपील
तेजस न्यूज संवाददाता
दीपावली के पावन पर्व को सुरक्षित और खुशहाल बनाने के लिए नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (नोफा) ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सभी हाई-राइज सोसायटियों और निवासियों से अग्नि सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है।

नोफा के महासचिव सुरोजित दासगुप्ता ने बताया कि ऊंची इमारतों में आतिशबाजी के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में पटाखे जलाने के लिए सुरक्षित और खुले स्थान निर्धारित करें। पटाखों का स्थान आवासीय टावरों से पर्याप्त दूरी पर बनाए। सोसायटी परिसर के भीतर से रॉकेट और स्काईशॉट समेत कई हवाई आतिशबाजी पर रोक लगाई जाए। इनसे बालकनी और फ्लैट में प्रवेश करने से आग लगने का खतरा बना रहता है। सोसायटी के निवासी बालकनियों से कार्डबोर्ड, कागज, प्लास्टिक, सूखे कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री हटा दें। सोसायटी प्रबंधन सुनिश्चित करें कि फायर पंप, हाइड्रेंट, अलार्म और अग्निशमन यंत्र पूरी तरह कार्यशील हों। सभी फायर एक्सटिंग्विशर भरे हुए और उपयोग के लिए तैयार हों। सुरक्षा और मेंटेनेंस टीम सतर्क रहे। आपतकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित हों और अग्निशमन वाहनों के आने-जाने का रास्ता बाधामुक्त रखा जाए।