सोमवार को लगेगा दनकौर में रोजगार मेला
बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए होगा रोजगार पाने का अवसर
तेजस न्यूज संवाददाता
आगामी 2 नवंबर को दनकौर स्थित श्री द्रोणाचार्य (पीजी) कॉलेज में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय की तरफ से सुबह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, बीपीओ/केपीओ, बैंकिंग और फाइनेंस, फिटनेस, ई-कॉमर्स और डिजिटल समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिभाग करने की संभावना है।

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि रोजगार मेले में गौतमबुद्ध नगर की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे डिक्सन, डीएस फूड्स, आर्या फैशन और एडीजे इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड समेत कई कंपनियां भाग करेंगी। मेले में मारुति कार के लिए भर्ती करने वाली कंपनी भी शामिल होगी। जिसमें बीएससी पास अभ्यर्थियों को 5 लाख रुपये से ज्यादा वार्षिक पैकेज प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होगा। रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न रिक्तियां उपलब्ध है। 18 से 30 साल आयु वर्ग के पात्र बेरोजगार अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। वह रोजगार मेले में प्रतिभाग करने से पूर्व रोजगार संगम पोर्टल पर जाकर जॉब सीकर के रूप में अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। पंजीकरण के बाद निर्धारित तिथि और समय पर अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों और बायोडेटा के तहत कंपनियों में साक्षात्कार दे सकता है।